देवघर: देवघर में होने वाले विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले को लेकर इस बार सुरक्षा व्यवस्था को हाईटेक बनाने की तैयारी है। लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने ऐसी व्यवस्था तैयार की है, जिसमें आधुनिक तकनीक और सुरक्षा तंत्र का इस्तेमाल किया जाएगा।
30 जुलाई से शुरू होने वाले मेले में करीब 900 सीसीटीवी कैमरों से पूरे क्षेत्र की निगरानी होगी। इनमें 25 अत्याधुनिक PTZ कैमरे लगाए जाएंगे, जो दूर तक नजर रखने और जरूरत के हिसाब से कैमरे का एंगल बदलने में सक्षम होंगे।
लेकिन इस बार सबसे बड़ा बदलाव बाबा बैद्यनाथ मंदिर में मोबाइल एंट्री को लेकर है। प्रशासन का मानना है कि मंदिर परिसर में मोबाइल से वीडियो बनाने के कारण भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा में परेशानी आती है। इसी को देखते हुए श्रद्धालुओं को मोबाइल के बिना मंदिर में प्रवेश कराने की योजना बनाई जा रही है।
AI बताएगा कौन बिछड़ा, कौन परेशान
श्रावणी मेले में पहली बार तकनीक का बड़ा इस्तेमाल देखने को मिलेगा। दुम्मा प्रवेश द्वार पर लगाए जाने वाले AI कैमरे श्रद्धालुओं की संख्या गिनने के साथ-साथ भीड़ में बिछड़े लोगों की पहचान करने में भी मदद करेंगे।
इससे खोया-पाया केंद्र के जरिए परिवार से बिछड़े श्रद्धालुओं को जल्द मिलाने में मदद मिलेगी।
मंदिर के बाहर बनेगा मोबाइल क्लॉक रूम
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर के बाहर मोबाइल सुरक्षित रखने के लिए क्लॉक रूम बनाने की तैयारी है। प्रशासन का कहना है कि व्यवस्था पूरी तरह तैयार होने के बाद इसे लागू किया जाएगा।
इस बार श्रावणी मेले में सुरक्षा सिर्फ जवानों के भरोसे नहीं, बल्कि AI और हाईटेक कैमरों की निगरानी में होगी। अब देखना होगा कि प्रशासन की यह नई व्यवस्था लाखों कांवरियों की यात्रा को कितना सुरक्षित और आसान बना पाती है।
ये खबर भी पढ़े: Jharkhand: झारखंड में 3.51 लाख पदों में से खाली सीटों पर शुरू होगी भर्ती, हेमंत सरकार ने तेज की तैयारी!