पटना/राजगीर: बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के तत्वावधान में 16वीं हॉकी इंडिया सब जूनियर पुरुष नेशनल चैंपियनशिप 2026 का भव्य समापन राजगीर खेल अकादमी में हो गया। 1 से 12 अप्रैल तक चले इस राष्ट्रीय टूर्नामेंट में शानदार खेल का प्रदर्शन देखने को मिला।

फाइनल मुकाबले में हॉकी उत्तर प्रदेश ने दमदार प्रदर्शन करते हुए हॉकी मध्य प्रदेश को 5-2 से हराकर चैंपियन का ताज अपने नाम किया। मैच की शुरुआत से ही उत्तर प्रदेश टीम ने आक्रामक खेल दिखाया। कप्तान केतन कुशवाहा ने चौथे मिनट में पहला गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। हालांकि मध्य प्रदेश के गाज़ी खान ने 8वें मिनट में बराबरी कर ली, लेकिन इसके बाद उत्तर प्रदेश ने मैच पर पूरी पकड़ बना ली।

नीतीश यादव, अली शाहरुख, प्रहलाद राजभर और राघवेंद्र सिंह के शानदार गोलों की बदौलत उत्तर प्रदेश ने स्कोर 5-2 कर दिया। मध्य प्रदेश की ओर से आयुष सिंह लोधी ने एक गोल जरूर किया, लेकिन टीम को हार से नहीं बचा सके।

पूरे टूर्नामेंट में उत्तर प्रदेश का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा। टीम ने अपने अभियान की शुरुआत मणिपुर के खिलाफ 17-1 की बड़ी जीत से की थी। इसके बाद अरुणाचल, ओडिशा और पंजाब जैसी टीमों को हराकर फाइनल में जगह बनाई और अंततः खिताब जीत लिया।

वहीं, तीसरे स्थान के मुकाबले में हॉकी पंजाब ने दादरा और नगर हवेली और दमन और दीव हॉकी को 1-0 से हराकर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। मैच का एकमात्र गोल राजवीर सिंह ने किया।

इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन ने बिहार, खासकर राजगीर को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाई है। खेल प्रेमियों के लिए यह टूर्नामेंट यादगार बन गया।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : बेतिया की धमाकेदार जीत, मुंगेर को 3-1 से हराकर सेमीफाइनल में एंट्री!