सुपौल: सुपौल जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेमुआ पंचायत के वार्ड नंबर 3 में एक दर्दनाक हादसे में 16 माह के मासूम बच्चे की जान चली गई। ईंट से लदा एक अनियंत्रित ट्रैक्टर सड़क किनारे खेल रहे बच्चे पर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान मोहम्मद शमशेर के पुत्र मोहम्मद जमशेद के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर तेज रफ्तार में था और चालक नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम छा गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे सदर थाना अध्यक्ष राम सेवक रावत ने स्थिति का जायजा लिया और ट्रैक्टर व चालक को कब्जे में लेकर थाना ले जाया गया।
मृतक बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया गया है, जहां चिकित्सकीय प्रक्रिया जारी है। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दोषी चालक पर सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : छोटी दुकान वाले की बेटी मुस्कान बनी टॉपर… मेहनत ने बदल दी किस्मत!
सुपौल से मोहम्मद अख्तरुल इस्लाम की रिपोर्ट …