सीतामढ़ी: सोनबरसा प्रखंड की वर्तमान उप प्रमुख अनु कुमारी ने अपने प्रेमी विमल कुमार के साथ विवाह कर लिया है। शादी के बाद यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है और अब इसमें नया विवाद भी जुड़ गया है।
अनु कुमारी विशनपुर आधार गांव की रहने वाली हैं। उनके पहले पति इंद्रजीत महतो की वर्ष 2019 में अररिया बाजार के पास अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इंद्रजीत महतो, कुख्यात इंदल महतो के भाई थे, जिनकी भी पहले हत्या हो चुकी है। पति की मौत के बाद अनु कुमारी ने राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई और वर्तमान में सोनबरसा प्रखंड की उप प्रमुख हैं।
शादी के बाद मामला तब और गरमा गया जब उनके ससुर महेश महतो ने कन्हौली थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया कि अनु कुमारी घर से सोने-चांदी के गहने, नकदी और अन्य कीमती सामान लेकर चली गई हैं। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
कन्हौली थाना पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस दोनों पक्षों के दावों और तथ्यों की पड़ताल कर रही है। फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
यह मामला अब सिर्फ एक निजी शादी का नहीं, बल्कि सामाजिक और राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है, जिस पर पूरे क्षेत्र की नजर बनी हुई है।