रांची: अगर आप 28 जुलाई को ट्रेन से सफर करने वाले हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। रांची रेल मंडल के किता–सिल्ली रेलखंड पर चल रहे विकास कार्य के कारण कई ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है। कुछ ट्रेनें अपने निर्धारित रूट से पहले ही रुक जाएंगी, जबकि कुछ ट्रेनों को पूरी तरह रद्द कर दिया गया है।
दक्षिण पूर्व रेलवे के अनुसार, ट्रैफिक और पावर ब्लॉक के चलते 28 जुलाई 2026 को कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें।
बताया गया है कि बर्द्धमान–हटिया–बर्द्धमान मेमू एक्सप्रेस को गोमो स्टेशन तक ही चलाया जाएगा। गोमो से हटिया के बीच इसका परिचालन नहीं होगा। वहीं खड़गपुर–हटिया–खड़गपुर एक्सप्रेस आद्रा स्टेशन तक ही चलेगी और आद्रा से हटिया के बीच सेवा प्रभावित रहेगी।
इसके अलावा आसनसोल–रांची–आसनसोल मेमू पैसेंजर का परिचालन भी मुरी स्टेशन तक सीमित रहेगा। मुरी और रांची के बीच ट्रेन नहीं चलेगी।
वहीं हटिया–सांकी–हटिया पैसेंजर की दो सेवाएं पूरी तरह रद्द रहेंगी। इससे रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि किता–सिल्ली रेलखंड पर आधारभूत संरचना को बेहतर और सुरक्षित बनाने के लिए यह काम किया जा रहा है। काम पूरा होने के बाद इस रूट पर ट्रेनों का संचालन पहले से अधिक सुगम और सुरक्षित हो सकेगा।
रांची रेल मंडल की सीनियर डीसीएम श्रेया सिंह ने यात्रियों से अपील की है कि वे सफर से पहले रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन से ट्रेन की ताजा जानकारी जरूर प्राप्त कर लें, ताकि यात्रा के दौरान किसी असुविधा से बचा जा सके।
ये खबर भी पढ़े: Bihar: पटना में युवक की चाकू से गोदकर हत्या, वारदात के बाद मचा हड़कंप!