रांची: रांची में अतिक्रमण हटाओ अभियान के खिलाफ फुटपाथ दुकानदारों का गुस्सा खुलकर सामने आ गया। मंगलवार को सैकड़ों दुकानदार जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक होते हुए नगर निगम कार्यालय तक मार्च करते पहुंचे और जोरदार प्रदर्शन किया। इसके बाद लोकभवन के सामने धरना देकर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।
प्रदर्शन के दौरान भाकपा के राज्य सचिव महेंद्र पाठक ने निगम पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि गरीबों की रोजी-रोटी पर बुलडोजर चलाना लोकतंत्र के खिलाफ है। वहीं एटक के महासचिव अशोक यादव ने चेतावनी दी कि अगर यह कार्रवाई नहीं रुकी तो आंदोलन राज्यव्यापी होगा।
दुकानदारों का आरोप है कि स्ट्रीट वेंडर्स (जीविका संरक्षण एवं पथ विक्रय विनियमन) अधिनियम, 2014 और न्यायालय के निर्देशों की अनदेखी करते हुए बिना सर्वे और पहचान के हटाने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने मांग की है कि अतिक्रमण हटाओ अभियान पर तत्काल रोक लगे, सभी फुटपाथ दुकानदारों का सर्वे कर उन्हें पहचान पत्र और वेंडिंग प्रमाण पत्र दिया जाए और टाउन वेंडिंग कमेटी का गठन किया जाए।
इस प्रदर्शन का असर पूरे शहर की यातायात व्यवस्था पर भी पड़ा। सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक लोकभवन, कचहरी चौक, अल्बर्ट एक्का चौक, मेन रोड और सर्कुलर रोड पर भारी जाम लगा रहा। रातू रोड फ्लाईओवर और रेडियम रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। ट्रैफिक पुलिस भी हालात संभालने में जूझती नजर आई।