मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में ब्यूटी पार्लरों की आड़ में कथित तौर पर संचालित किए जा रहे देह व्यापार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। नगर, काजीमोहम्मदपुर, महिला और पानापुर करियात थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कटही पुल और धर्मशाला चौक इलाके के पांच ब्यूटी पार्लरों में एक साथ छापेमारी कर 12 महिलाओं और एक पुरुष को गिरफ्तार किया है। वहीं एक अपहृत नाबालिग बच्ची को भी सकुशल बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, पानापुर करियात थाना क्षेत्र से एक नाबालिग बच्ची के अपहरण की सूचना मिली थी। तकनीकी अनुसंधान के दौरान पुलिस को पता चला कि बच्ची को कटही पुल स्थित एक ब्यूटी पार्लर में रखा गया है। सूचना के आधार पर छापेमारी कर पुलिस ने नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया।
नाबालिग की निशानदेही पर पुलिस ने कटही पुल और धर्मशाला चौक क्षेत्र के चार अन्य ब्यूटी पार्लरों में भी एक साथ कार्रवाई की। अचानक हुई छापेमारी से इलाके में हड़कंप मच गया। जांच के दौरान पुलिस ने विभिन्न पार्लरों से कई महिलाओं और एक पुरुष को हिरासत में लिया, जिन्हें बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रारंभिक जांच में गिरफ्तार महिलाएं सकरा, कुढ़नी, तुर्की, सरैया और मनियारी थाना क्षेत्रों की रहने वाली बताई जा रही हैं। पुलिस उनसे पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और कथित सरगनाओं की पहचान करने में जुटी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम को भी बुलाया गया। जांच के दौरान टीम ने कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए हैं, जिन्हें जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।
नगर एएसपी सुरेश कुमार ने बताया कि ब्यूटी पार्लरों में अनैतिक गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद संयुक्त छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान संचालिकाओं समेत 12 महिलाओं और एक पुरुष को गिरफ्तार किया गया है। सभी से गहन पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल लोगों की भूमिका को लेकर विस्तृत खुलासा किया जाएगा।
ये खबर भी पढ़े: Jharkhand: धनबाद में तिरंगा यात्रा में भिड़े भाजपा कार्यकर्ता, सड़क पर हुई हाथापाई; वीडियो वायरल होने से बढ़ी किरकिरी!