मधुबनी जिले के रहिका थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी और उसके शव को बाइक समेत जला दिया। यह सनसनीखेज वारदात जगतपुर मारर गांव के पास कोशी नहर के किनारे हुई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
मृतक की पहचान गांव निवासी स्वर्गीय राहुल चौधरी के पुत्र राहुल चौधरी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही रहिका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक पर पहले भी जानलेवा हमला हो चुका था। बताया जाता है कि पिछले वर्ष उसे गोली मारकर गंभीर रूप से घायल किया गया था, जिसमें उसके हाथ-पैर भी तोड़ दिए गए थे।
घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं सामने आ रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि युवक कथित तौर पर कुछ आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त था और इसी वजह से उसके परिचितों द्वारा इस वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। इस घटना ने इलाके में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : सदर अस्पताल में हंगामा—महिला की मौत के बाद परिजनों का फूटा गुस्सा!