लखीसराय: अखिल भारतीय सिविल सेवा सांस्कृतिक प्रतियोगिता में बिहार सचिवालय की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का मान बढ़ाया है। नई दिल्ली स्थित सिविल सर्विसेज ऑफिसर्स इंस्टीट्यूट में 20 से 25 मार्च 2026 तक आयोजित इस प्रतियोगिता में बिहार की 24 सदस्यीय टीम ने विभिन्न विधाओं में भाग लिया और उल्लेखनीय सफलता हासिल की।
हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायन में लखीसराय के जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी मृणाल रंजन ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुति से सभी का दिल जीत लिया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उनकी गायकी को निर्णायकों और दर्शकों ने खूब सराहा, जिससे बिहार को इस प्रतियोगिता में खास पहचान मिली।

वहीं, नाटक विधा में ‘बाबूजी का चश्मा’ की प्रस्तुति भी काफी सराही गई। राजस्व विभाग की अनुभाग पदाधिकारी संगीता चंद्रा ने ‘बड़ी बहू’ की भूमिका में शानदार अभिनय करते हुए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का कांस्य पदक जीता। इसके अलावा लाइट क्लासिकल इंस्ट्रुमेंटल श्रेणी में बिहार विधान परिषद के अवर सचिव राजनंदन ने गिटार वादन में कांस्य पदक हासिल किया।
यह उपलब्धि दर्शाती है कि बिहार के प्रशासनिक अधिकारी अपने कार्यों के साथ-साथ सांस्कृतिक क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने में सक्षम हैं। राज्य के वरीय अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दी हैं।

इस प्रतियोगिता के विजेताओं को 25 मार्च 2026 को सम्मानित किया जाएगा। मृणाल रंजन की इस उपलब्धि पर लखीसराय के खेल एवं सांस्कृतिक जगत में खुशी की लहर है। जिला कबड्डी संघ के संरक्षक डॉ. ओमप्रकाश, डॉ. पंकज कुमार, डॉ. रूपा, चेयरमैन शंभु कुमार और सीनियर वाइस चेयरमैन कृष्णदेव प्रसाद सहित कई लोगों ने उन्हें बधाई दी है।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : बंगले से बैंक तक छानबीन, DDC पर भ्रष्टाचार का बड़ा वार!