लखीसराय: जिले के चानन प्रखंड अंतर्गत गोडीह गांव निवासी पूर्व शिक्षाविद एवं सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक सैयद मुहम्मद फजलुल हक का शुक्रवार अहले सुबह निधन हो गया। वे 92 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। शिक्षा जगत से जुड़े लोगों के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने गहरी संवेदना व्यक्त की है।
शनिवार सुबह 9 बजे उन्हें उनके पैतृक गांव गोडीह स्थित कब्रगाह में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पर पहुंच रहे हैं। मरहूम फजलुल हक लंबे समय तक शिक्षा क्षेत्र में सक्रिय रहे और प्रधानाध्यापक के रूप में अपनी सेवाओं से क्षेत्र में अलग पहचान बनाई। उनके शांत स्वभाव, अनुशासनप्रिय व्यक्तित्व और विद्यार्थियों के प्रति समर्पण को लेकर लोग आज भी उन्हें याद करते हैं।
सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक राम पदारथ साहू ने गोडीह पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिवारजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि फजलुल हक साहब का जीवन शिक्षा और समाज सेवा के लिए समर्पित रहा। उनके पुत्रों में फाइनेंस डिपार्टमेंट के ऑडिटर नैयर इकबाल, जावेद इकबाल, डॉ. जाहिद इकबाल और शाहरुख इकबाल शामिल हैं, जिनसे कई गणमान्य लोगों ने मिलकर सांत्वना दी।
Bihar News : महाशिवरात्रि में उमड़ेगी भीड़, अशोक धाम के लिए प्रशासन ने बनाया खास प्लान!
शोक संवेदना व्यक्त करने वालों में खगौर पंचायत की मुखिया नाजीका खातून, पूर्व मुखिया मुहम्मद इरफान, पैक्स अध्यक्ष जितेंद्र राम, प्राइवेट स्कूल एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार आर्य, जिला वक्फ बोर्ड अध्यक्ष सरफराज आलम, कांग्रेस नेता मुहम्मद खुर्शीद आलम सहित कई सामाजिक व शैक्षणिक हस्तियां शामिल रहीं।
Bihar News : परीक्षा का तनाव खत्म, पीएम मोदी के टिप्स सुन छात्रों में दिखा नया आत्मविश्वास!
क्षेत्रवासियों ने कहा कि उनके निधन से शिक्षा जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। लोगों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।
