शेखपुरा में एक बार फिर अपराधियों ने पुलिस-प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। दिनदहाड़े गन पॉइंट पर स्वर्ण व्यवसायी से करीब 18 लाख रुपये की लूट की वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है।
मामला आढ़ा रोड के नवीनगर ककड़ार गांव के पास का है, जहां दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने शहर के बगालीपर निवासी स्वर्ण व्यवसायी अभिषेक कुमार वर्मा को निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि पीड़ित अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे, तभी अपराधियों ने रास्ता रोककर पिस्तौल तान दी और जेवरात से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।
लुटेरों ने करीब 55 ग्राम सोना और 2 किलो चांदी पर हाथ साफ किया, जिसकी कीमत लगभग 18 लाख रुपये बताई जा रही है।
लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाएं यह सवाल खड़ा कर रही हैं कि आखिर कानून व्यवस्था किसके भरोसे चल रही है? क्या अपराधियों के सामने पुलिस बेबस हो चुकी है, या फिर सिस्टम सिर्फ दावों तक सीमित रह गया है?
एसडीपीओ डॉ. राकेश कुमार का कहना है कि पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं और जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी होगी। हालांकि, हर घटना के बाद यही दावा दोहराया जाता है—लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां करती नजर आती है।
सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि यह लूटा गया सामान ही दुकानदार की पूरी जमा-पूंजी थी। लूट के बाद वह पूरी तरह बर्बाद हो गया है और उसके सामने अब फिर से खड़े होने की बड़ी चुनौती है।
शेखपुरा की यह वारदात सिर्फ एक लूट नहीं, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल है। अगर जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो आम लोगों का भरोसा सिस्टम से उठना तय है।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : सुपर कॉप अमित लोढ़ा को सौंपा गया भ्रष्टाचार का ‘काला चिट्ठा’, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप!