लखीसराय: मिट्टी के मैदान पर जब सीटी बजी, तो यह सिर्फ एक मैच नहीं था—यह लखीसराय की बेटियों के आत्मविश्वास और दमदार खेल का प्रदर्शन था। बालिका कबड्डी मुकाबले में लखीसराय की टीम ने केंद्रीय विद्यालय सीआरपीएफ मोकामा घाट को 50-25 के बड़े अंतर से हराकर शानदार जीत दर्ज की।
खेलो इंडिया स्मॉल कबड्डी ट्रेनिंग सेंटर, खगौर-किऊल में खेले गए इस मुकाबले में शुरुआत से ही लखीसराय टीम का दबदबा दिखा। हर रेड के साथ अंक बटोरती खिलाड़ियों ने विरोधी टीम को संभलने का मौका ही नहीं दिया। मैदान पर उनकी फुर्ती, रणनीति और तालमेल देखने लायक था।

इस जीत की हीरो रहीं निशा कुमारी, जिन्हें बेस्ट रेडर का खिताब मिला, जबकि राजनंदनी ने अपने शानदार डिफेंस से बेस्ट टैकलर का अवॉर्ड अपने नाम किया।
मैच का उद्घाटन समाजसेवी मनोज अग्रवाल, जिला कबड्डी संघ के संरक्षक डॉ. ओमप्रकाश और सीनियर वाइस चेयरमैन कृष्णदेव प्रसाद ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर और टॉस के साथ किया।

निर्णायक की भूमिका में प्रशिक्षक राज कुमार सहनी, कोच धीरज कुमार और केंद्रीय विद्यालय मोकामा के पीटी शिक्षक राजीव रंजन रहे, जिन्होंने पूरे मैच को निष्पक्ष और रोचक बनाए रखा।
जिला कबड्डी संघ के चेयरमैन शम्भु कुमार ने बताया कि जून माह में बक्सर में होने वाली राज्य स्तरीय सब-जूनियर कबड्डी चैम्पियनशिप को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। जल्द ही खिलाड़ियों का ट्रायल, वजन मापन और आयु सत्यापन किया जाएगा, ताकि बेहतरीन टीम का चयन हो सके।
लखीसराय की इस जीत ने साफ कर दिया है कि जिले की बेटियां अब खेल के मैदान में भी अपनी अलग पहचान बना रही हैं—और आने वाले राज्य स्तरीय मुकाबलों में इनसे बड़ी उम्मीदें हैं।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : DM के एक्शन से बदली तस्वीर, घंटों में खातों में पहुंचा शिक्षकों का वेतन!
