
चेवाड़ा प्रखंड के कपासी गांव में बुधवार को 11 दिवसीय महारुद्र यज्ञ की शुरुआत कलश यात्रा से हुई। यात्रा में 501 कन्याकुमारी और सुहागवती महिलाओं ने भाग लिया। जय श्रीराम के नारों से माहौल भक्तिमय हो गया। गाजे-बाजे की धुन पर श्रद्धालु नाचते-गाते नजर आए।
आचार्य लक्ष्मण दास जी महाराज ने वैदिक मंत्रों के साथ कलश में जल भरवाया। यात्रा कपासी गांव से शुरू होकर करंडे गांव पहुंची। वहां जल भरने के बाद श्रद्धालु यज्ञ स्थल लौटे। इसी के साथ यज्ञ की विधिवत शुरुआत हुई।
यज्ञ में 11 यजमान बनाए गए हैं। वे सुबह-शाम यज्ञशाला में पूजा करेंगे। आचार्य लक्ष्मण दास जी महाराज के सानिध्य में 11 कुंडीय यज्ञ संपन्न होगा। यज्ञ के दौरान अंतरराष्ट्रीय कथा वाचिका देवी प्रतिभा जी श्रीराम कथा सुनाएंगी। कथा के समापन के बाद रात्रि में रासलीला का आयोजन होगा।
वृंदावन की प्रसिद्ध रासलीला संस्था को आमंत्रित किया गया है। यज्ञ में रात्रि जागरण और कीर्तन की भी व्यवस्था की गई है। विशेष आकर्षण के रूप में झूला और मीना बाजार भी लगाया गया है।