भागलपुर: जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने नया बिजली कनेक्शन देने के नाम पर रिश्वत लेते हुए बिजली विभाग के दो कर्मचारियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई तिलकामांझी चौक स्थित कचहरी बिजली उपकेंद्र में की गई।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में कनिष्ठ अभियंता (JE) अमित कुमार और तकनीशियन सौरभ कुमार शामिल हैं। दोनों पर नया बिजली कनेक्शन चालू कराने के बदले चार हजार रुपये की रिश्वत लेने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, बरारी थाना क्षेत्र के खंजरपुर निवासी संतोष कुमार ने नया बिजली कनेक्शन लेने के लिए आवेदन किया था। सभी आवश्यक सरकारी प्रक्रिया पूरी करने के बावजूद उनका कनेक्शन चालू नहीं किया जा रहा था। आरोप है कि इस काम के लिए दोनों कर्मचारियों ने उनसे चार हजार रुपये की मांग की।
पीड़ित संतोष कुमार ने इसकी शिकायत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो से की। शिकायत के सत्यापन के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और जैसे ही आरोपी रिश्वत की रकम ले रहे थे, उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। टीम ने रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली है।
विजिलेंस डीएसपी मिथलेश कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया है और अन्य कर्मचारियों में भी दहशत का माहौल देखा जा रहा है।
ये खबर भी पढ़े: Bihar: भागलपुर में प्रेमी के साथ मिली विवाहिता, कचहरी चौक पर हाई वोल्टेज ड्रामा!
