समस्तीपुर: बिहार में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आ रहे हैं। समस्तीपुर जिले में सोमवार सुबह स्कूल जाने के दौरान एक छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना ने जिले की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वैनी थाना क्षेत्र के कैजिया मंगल स्थान के पास हुई इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक छात्रा की पहचान उमेश ठाकुर की पुत्री सोनम कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि छात्रा रोज की तरह स्कूल जाने के लिए निकली थी, लेकिन रास्ते में अपराधियों ने उसे निशाना बना लिया।
दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि अगर स्कूल जाने वाली बेटियां भी सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा का क्या भरोसा?
घटना की सूचना मिलते ही वैनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ के जरिए अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे प्रेम प्रसंग की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है।
विपक्ष अक्सर बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर सरकार पर हमला बोलता रहा है। ऐसे में समस्तीपुर की इस घटना ने एक बार फिर कानून व्यवस्था को लेकर बहस तेज कर दी है। सवाल उठ रहे हैं कि आखिर अपराधियों के अंदर कानून का डर कब पैदा होगा और आम लोगों को सुरक्षित माहौल कब मिलेगा?
ये खबर भी पढ़े: Bihar: बगहा में मगरमच्छ का आतंक, खेत से लौट रहे किसान पर हमला, मौके पर मौत!