गिरिडीह: करोड़ों की जमीन ठगी के एक सनसनीखेज मामले में गिरिडीह पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए आरोपी अनूप कुमार राय को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने जन्म से पहले तैयार कथित वसीयत के सहारे जमीन और मकान बेचने का सौदा कर 1 करोड़ 69 लाख 67 हजार 1 रुपए की ठगी कर ली।
पचंबा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर जमुआ थाना क्षेत्र के टीकामघा से आरोपी को उसकी कार समेत पकड़ा। पुलिस के अनुसार अनूप कुमार राय के खिलाफ झारखंड समेत कई राज्यों में धोखाधड़ी के 40 से अधिक मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से पुलिस की नजर में था।
मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू कथित वसीयत को लेकर सामने आया है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार जमीन पर अपना अधिकार साबित करने के लिए आरोपी ने 10 दिसंबर 1976 की रजिस्टर्ड वसीयत दिखाई थी। लेकिन दस्तावेजों की जांच में सामने आया कि आरोपी की जन्मतिथि 22 जुलाई 1978 है। यानी जिस वसीयत के आधार पर करोड़ों का सौदा किया गया, वह आरोपी के जन्म से करीब डेढ़ साल पहले की बताई जा रही है।
शिकायत के मुताबिक कृष्णानगर निवासी राजीव रंजन और उनके साथियों ने मकतपुर बरगंडा स्थित श्यामकुंज के पास जमीन और मकान खरीदने के लिए वर्ष 2022 में 2 करोड़ 25 लाख रुपए में एग्रीमेंट किया था। इसके बाद अग्रिम राशि समेत कुल 1.69 करोड़ रुपए से अधिक का भुगतान आरोपी को किया गया।
बाद में जब संपत्ति के दस्तावेजों की जांच हुई तो कथित गड़बड़ी सामने आई। पुलिस जांच में यह भी पता चला कि संबंधित संपत्ति को लेकर पहले से विवाद चल रहा था और इसका एग्रीमेंट किसी अन्य व्यक्ति के साथ भी किया जा चुका था।
पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब दस्तावेजों की सत्यता, पैसे के लेनदेन और इस पूरे खेल में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।