बोकारो। जिले में आगामी 15 जुलाई को आपातकालीन तैयारियों को परखने के लिए मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान पूरे बोकारो में कुछ समय के लिए ब्लैक आउट रहेगा। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे इस अभ्यास के दौरान घबराएं नहीं और सहयोग करें।
बोकारो के एसपी नाथू सिंह मीणा ने बताया कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य युद्ध जैसे हालात में आम लोगों की सुरक्षा, प्रशासन की कार्यप्रणाली और आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों का प्रदर्शन करना है।
उन्होंने बताया कि मॉक ड्रिल शाम 7 बजे शुरू होगा। इस दौरान सायरन बजाया जाएगा और ब्लैक आउट की स्थिति बनाई जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि इस दौरान जहां हैं, वहीं रहें और अपने वाहन, मोबाइल या अन्य रोशनी वाले उपकरणों का इस्तेमाल न करें।
दो स्थानों पर होगा अभ्यास
एसपी ने बताया कि मॉक ड्रिल उषा पेट्रोल पंप और मेडिकेंट अस्पताल के पास आयोजित किया जाएगा। अभ्यास के दौरान सड़कों पर भी अंधेरा रहेगा। इस दौरान चिकित्सा व्यवस्था, प्रशासनिक तैयारी और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को परखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस मॉक ड्रिल के माध्यम से लोगों को यह जानकारी दी जाएगी कि युद्ध या किसी आपात स्थिति में किस तरह सुरक्षित रहना है और प्रशासन किस तरीके से राहत एवं बचाव कार्य संचालित करेगा।
एसपी ने लोगों से अपील की कि ब्लैक आउट के दौरान किसी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। यह केवल आपातकालीन तैयारी को मजबूत करने के लिए किया जा रहा अभ्यास है।