जमशेदपुर: जमशेदपुर ग्रामीण इलाके में बहरागोड़ा पुलिस ने अवैध पत्थर तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये के पन्ना पत्थर की खेप पकड़ी है। पुलिस की इस कार्रवाई से तस्करी नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।
गुप्त सूचना के आधार पर बहरागोड़ा थाना पुलिस ने छापेमारी कर 1 किलो 95 ग्राम पन्ना पत्थर बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस दौरान पुलिस ने तस्करी में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से पन्ना पत्थर के अलावा दो मोटरसाइकिल, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन और नगद राशि भी बरामद की है। पकड़े गए तीनों आरोपी ओडिशा के मयूरभंज जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह पूरा मामला संगठित तस्करी से जुड़ा हो सकता है। अब पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
जमशेदपुर ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे नेटवर्क का खुलासा करने की कोशिश जारी है।
एक्शन के बाद बड़ा सवाल:
आखिर करोड़ों का पन्ना पत्थर कहां से आया और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं? पुलिस अब इसी राज से पर्दा उठाने में जुटी है।
ये खबर भी पढ़े: Bihar: पटना में वर्दी पर दाग, नशे में धुत पुलिसकर्मी का वीडियो वायरल, मेडिकल जांच में शराब की पुष्टि!
