सीतामढ़ी। जिले के सुप्पी थाना क्षेत्र में 22 वर्षीय नवविवाहिता मधु कुमारी की संदिग्ध मौत के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। दहेज प्रताड़ना और हत्या के आरोपों के बीच एक वीडियो सामने आया है, जिसमें मृतका का शव मोटरसाइकिल पर ले जाया जाता दिख रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया है।
परिजनों का आरोप है कि मृतका को दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। मृतका के भाई गोपाल झा ने आरोप लगाया कि शादी के कुछ समय बाद ही उसे शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान किया जाने लगा और अंततः उसकी हत्या कर दी गई।
“अर्थी तक नसीब नहीं हुई” का आरोप
वायरल वीडियो में मृतका का भाई यह कहते नजर आ रहा है कि उसकी बहन को मौत के बाद अर्थी तक नसीब नहीं हुई और मजबूरी में शव को बाइक पर ले जाना पड़ा। इस दृश्य ने लोगों को झकझोर दिया है और सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
पुलिस का बयान भी सामने आया
वहीं सुप्पी थानाध्यक्ष आशीष कुमार ठाकुर ने बताया कि घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बनी थी। शुरुआती तनाव के दौरान शव को बाइक पर ले जाने की बात सामने आई, लेकिन बाद में पुलिस की मौजूदगी में मृतका का अंतिम संस्कार पूरे धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ कराया गया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतका के मायके पक्ष ने दहेज हत्या और प्रताड़ना के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद इलाके में शोक के साथ-साथ आक्रोश का माहौल बना हुआ है।