लखीसराय: श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों के लिए विशेष व्यवस्था की है। रेलवे ने आसनसोल-पटना और आसनसोल-गोरखपुर के बीच अनरिजर्व्ड श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया है। ये ट्रेनें किऊल स्टेशन के रास्ते होकर चलेंगी।
रेलवे के अनुसार श्रद्धालुओं की सुविधा और यात्रा को सुगम बनाने के उद्देश्य से 03511/03512 आसनसोल-पटना-आसनसोल श्रावणी मेला स्पेशल और 03527/03528 आसनसोल-गोरखपुर-आसनसोल श्रावणी मेला स्पेशल का परिचालन किया जाएगा।
आसनसोल-पटना श्रावणी मेला स्पेशल (03511) 29 जुलाई 2026 से 29 अगस्त 2026 तक कुल 32 फेरे लगाएगी। यह ट्रेन आसनसोल से शाम 5 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 2:30 बजे पटना पहुंचेगी।
वहीं पटना-आसनसोल श्रावणी मेला स्पेशल (03512) 30 जुलाई 2026 से 30 अगस्त 2026 तक चलेगी। यह ट्रेन पटना से सुबह 3:30 बजे खुलेगी और उसी दिन दोपहर 1 बजे आसनसोल पहुंचेगी।
यह ट्रेन दोनों दिशाओं में चित्तरंजन, मधुपुर, जसीडीह, सिमुलतला और किऊल स्टेशन पर ठहराव करेगी। इसमें यात्रियों के लिए जनरल सेकंड क्लास कोच की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
इसके अलावा रेलवे ने आसनसोल-गोरखपुर श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन चलाने का भी फैसला किया है। यह ट्रेन 29 जुलाई 2026 से 29 अगस्त 2026 तक 32 फेरों में चलेगी।
03527 आसनसोल-गोरखपुर स्पेशल आसनसोल से रात 9 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 11 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वहीं 03528 गोरखपुर-आसनसोल स्पेशल 30 जुलाई 2026 से 30 अगस्त 2026 तक चलेगी। यह ट्रेन गोरखपुर से शाम 4:15 बजे खुलेगी और अगले दिन सुबह 8:20 बजे आसनसोल पहुंचेगी।
आसनसोल-गोरखपुर श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन भी दोनों दिशाओं में चित्तरंजन, मधुपुर, जसीडीह और किऊल स्टेशन पर रुकेगी। रेलवे ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इन विशेष ट्रेनों का लाभ उठाकर अपनी यात्रा को सुविधाजनक बनाएं।
ये खबर भी पढ़े: Bihar: शेखपुरा केंद्रीय विद्यालय में नामांकन शुरू, 5 अगस्त तक मिलेंगे निशुल्क पंजीयन फॉर्म!
