लखीसराय: जिले में जनगणना कार्य की तैयारियों को लेकर समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला पदाधिकारी नीरज कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी प्रशिक्षण कार्यक्रम, संसाधनों की उपलब्धता और कार्यों के सुचारु संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण 13 अप्रैल से 22 अप्रैल 2026 तक विभिन्न चरणों में आयोजित किया जाएगा। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रशिक्षण को प्रभावी बनाने के लिए आवासन, बिजली, प्रोजेक्टर, माइक्रोफोन, बोर्ड, बैनर समेत सभी आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित की जाए। साथ ही प्रतिभागियों के लिए पेयजल, चाय-नाश्ता और भोजन की समुचित व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया।
सभी चार्ज पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों को समय पर सूचना दें और उनकी उपस्थिति सुनिश्चित कराएं। HLB से जुड़े कार्यों के लिए भौतिक सत्यापन के आधार पर आवश्यक प्रगणकों की तैनाती सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि SRS क्षेत्र—बड़हिया, लखीसराय और पिपरिया—में किसी भी प्रकार का प्रगणक परिवर्तन नहीं किया जाएगा। प्रशिक्षण अवधि के दौरान सभी प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों की उपस्थिति अनिवार्य होगी।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी चार्ज पदाधिकारी प्रशिक्षण स्थलों की अद्यतन स्थिति का फोटो सहित प्रतिवेदन 24 घंटे के भीतर संबंधित समूह में साझा करें। साथ ही प्रशिक्षण स्थलों पर साफ-सफाई और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा जनगणना से संबंधित सभी सूचनाओं का समय पर संकलन और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपलोड सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया, ताकि कार्यों की निगरानी और मूल्यांकन में आसानी हो सके।
बैठक में वरीय उपसमाहर्ता शशि कुमार, जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, नजारत उप समाहर्ता प्राची कुमारी, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी राम विनोद प्रसाद यादव, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी पिंटू कुमार सहित कई जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : भागलपुर में 100 करोड़ की लागत से बना इथनॉल प्लांट, 200 से अधिक युवाओं को मिलेगा रोजगार!
