लखीसराय: डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय, बिहरौरा का वार्षिकोत्सव शुक्रवार को वसंतोत्सव के उल्लासपूर्ण माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार सहित अन्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक रंगों की छटा देखते ही बन रही थी। छात्राओं एवं शिक्षकों में खासा उत्साह नजर आया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास और कौशल निर्माण पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि जीवन कौशल, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और नैतिक मूल्यों का विकास भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने छात्राओं को अपने लक्ष्य के प्रति सजग रहते हुए निरंतर परिश्रम करने के लिए प्रेरित किया।

उप विकास आयुक्त सुमित कुमार ने अपने प्रेरक संबोधन में छात्राओं को स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य सिर्फ रोजगार प्राप्त करना नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार, संवेदनशील और सशक्त नागरिक का निर्माण करना है। उन्होंने विद्यालय द्वारा बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

Bihar News : 1001 कन्याओं की कलश यात्रा, भजनों में झूमा लखीसराय… 19वें किऊल महोत्सव का भव्य आगाज़!
वार्षिकोत्सव के दौरान छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। आदिवासी नृत्य और झिझिया नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने खूब तालियां बटोरीं। वहीं सोशल मीडिया के बढ़ते दुष्प्रभाव और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों पर आधारित लघु नाटिका के माध्यम से छात्राओं ने समाज को जागरूक करने का सशक्त संदेश दिया। इन प्रस्तुतियों में छात्राओं की कला, आत्मविश्वास और सामाजिक चेतना स्पष्ट रूप से झलकती दिखी।

कार्यक्रम के अंत में जिला पदाधिकारी ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया, जिससे उनका उत्साह और मनोबल और भी बढ़ गया। इस अवसर पर जिला कल्याण पदाधिकारी राजीव रंजन कुमार, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, विद्यालय की शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
