रामनवमी और गर्मी में अलर्ट मोड पर फायर ब्रिगेड
गर्मी के मौसम में आग से बचाव के लिए सुझाव भी जारी किए गए हैं। सुबह 9 बजे से पहले और शाम 6 बजे के बाद ही खाना बनाएं। चूल्हे की आग पूरी तरह बुझा दें। फूस के घरों के टाट पर मिट्टी का लेप करें। बिजली वायरिंग की समय-समय पर जांच कराएं। पकी फसल के ऊपर लटकते बिजली तारों की सूचना विद्युत विभाग को दें। आग लगने पर पहले समुदाय की मदद से बुझाने की कोशिश करें। जलती माचिस, अधजली बीड़ी या सिगरेट इधर-उधर न फेंकें। खेत में डंठलों में आग न लगाएं। पॉलिस्टर या सिंथेटिक कपड़े पहनकर खाना न बनाएं। खाना बनाने के बाद गैस रेगुलेटर बंद करना न भूलें। थ्रेसरिंग के समय दो ड्रम पानी और जग रखें। खलिहान बिजली तार के नीचे न बनाएं। आग लगने पर घबराएं नहीं, नजदीकी फायर स्टेशन को तुरंत फोन करें।

रामनवमी और गर्मी के मौसम में बढ़ती आग की घटनाओं को देखते हुए प्रमंडलीय समादेष्टा-सह-जिला अग्निशमन पदाधिकारी मो. फैज आलम ने शेखपुरा जिला और अनुमंडल अग्निशामालय की समीक्षा की। अग्निशमन वाहनों, उपकरणों और पदस्थापित कर्मियों की स्थिति का जायजा लिया गया।
समीक्षा में पाया गया कि शेखपुरा जिला इकाई में 2 वाटर टेंडर और 6 मिस्ट टेक्नोलॉजी अग्निशमन वाहन पूरी तरह क्रियाशील हैं। सभी वाहन प्री-पोजिशन में रखे गए हैं। पदस्थापित अधिकारी और कर्मियों को निर्देश दिया गया है कि गर्मी के मौसम में हर समय तैयार रहें। आग लगने की सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचें। उपलब्ध मोबाइल नंबरों से संपर्क कर घटना की जानकारी लें और जरूरी सुझाव दें।
अग्निशमन कर्मियों को सुरक्षा के लिए 14 प्रॉक्सिमिटी सूट, 3 हेलमेट, 2 बीए सेट, 21 फायरमैन एक्स और 15 गमबूट उपलब्ध कराए गए हैं।
शेखपुरा जिले में 1 अग्निशमन कंट्रोल रूम संचालित है। आग लगने या अन्य सहायता के लिए डायल-101 पर संपर्क किया जा सकता है। अनुमंडल अग्निशामालय शेखपुरा का दूरभाष नंबर 7485805978 और 74858059791 है। कंट्रोल रूम प्रभारी प्रधान अग्निक सौरभ कुमार का नंबर 9122813025 है। अनुमंडल अग्निशामालय पदाधिकारी तेजन राम का नंबर 8809462596 है।