मुजफ्फरपुर: शहर के बैरिया बस स्टैंड में रविवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक खड़ी बस में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और आसमान में धुएं का गुबार छा गया। घटना के बाद बस स्टैंड परिसर में मौजूद यात्रियों और कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस स्टैंड में खड़ी बस से अचानक धुआं निकलना शुरू हुआ और कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गईं। आग फैलने की रफ्तार इतनी तेज थी कि आसपास खड़ी अन्य बसों और वाहनों के भी इसकी चपेट में आने का खतरा पैदा हो गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों और बस स्टैंड कर्मियों ने तत्परता दिखाई। जेसीबी की मदद से बालू मंगवाकर जलती बस पर डाला गया, जिससे आग को फैलने से रोकने में मदद मिली। इस दौरान आसपास खड़ी कई बसों को भी सुरक्षित स्थान पर हटाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही अहियापुर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद राहत और बचाव कार्य चलाया गया।
गनीमत रही कि इस घटना में किसी यात्री या कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि बस पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। वहीं घटना के बाद बस स्टैंड में खड़े वाहनों की सुरक्षा और तकनीकी जांच व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।
ये खबर भी पढ़े: Jharkhand: श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन की बोगी बेपटरी, सैकड़ों कांवड़ियों के बीच मची अफरा-तफरी!