मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में भाजपा नेता से रंगदारी मांगने का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के संगम चौक, दाउदपुर कोठी निवासी भाजपा नेता और जदयू के पूर्व जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार सहनी से कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है।
रंगदारी नहीं देने पर उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है। घटना के बाद भाजपा नेता और उनका परिवार दहशत में है। मामले को लेकर रंजीत सहनी ने ब्रह्मपुरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पुलिस को दिए आवेदन में रंजीत सहनी ने बताया कि 21 जुलाई की सुबह करीब 9:47 बजे उनके व्हाट्सएप नंबर पर एक अज्ञात नंबर से संदेश आया। मैसेज भेजने वाले ने खुद को “लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप” का सदस्य बताते हुए दो-तीन दिनों के अंदर 50 लाख रुपये देने की मांग की।
आरोपी ने धमकी दी कि अगर पैसे नहीं दिए गए या इसकी जानकारी किसी को दी गई तो उन्हें और उनके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। पीड़ित के अनुसार, जवाब नहीं मिलने पर देर रात दोबारा धमकी भरे संदेश भेजे गए।
धमकी भरे मैसेज में परिवार से जुड़ी जानकारी होने का भी संकेत दिया गया, जिससे पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि आरोपी को पीड़ित के बारे में जानकारी कहां से मिली।
मामले की जानकारी मिलते ही ब्रह्मपुरा थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने धमकी देने वाले मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगा दिया है। साइबर सेल की मदद से व्हाट्सएप अकाउंट, कॉल डिटेल, लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि अज्ञात नंबर से लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि धमकी वास्तव में किसी संगठित आपराधिक गिरोह की ओर से दी गई है या फिर किसी स्थानीय व्यक्ति ने बड़े गैंग का नाम इस्तेमाल कर डर पैदा करने की कोशिश की है।
फिलहाल पुलिस की साइबर टीम और थाना पुलिस मिलकर मामले की जांच में जुटी है। वहीं, भाजपा नेता ने पुलिस से खुद और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
ये खबर भी पढ़े: Bihar: NEET प्रदर्शन के बाद मुजफ्फरपुर में बड़ा फैसला, 26 जुलाई तक मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद; 24 सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रोक!