कटिहार: बिहार के कटिहार से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए युवाओं को बरगलाने और देश विरोधी गतिविधियों में शामिल करने की साजिश का खुलासा हुआ है।
कटिहार पुलिस ने 13 जुलाई को कोढ़ा थाना क्षेत्र के मूसापुर से मोहम्मद अहद को गिरफ्तार किया था। उस पर आरोप है कि वह पाकिस्तान से जुड़े आतंकी सरगना राणा हुनेन उर्फ राणा हुसैन के संपर्क में था और उनके निर्देश पर काम कर रहा था।
WhatsApp लिंक से युवाओं को बनाया जा रहा था निशाना
जांच में सामने आया है कि मोहम्मद अहद को एक संदिग्ध WhatsApp लिंक ‘Memon & JUTT33’ भेजा गया था। इस लिंक के जरिए ऐसे युवाओं को टारगेट किया जा रहा था, जिन्हें बहला-फुसलाकर या लालच देकर देश विरोधी गतिविधियों में शामिल किया जा सके।
पुलिस के मुताबिक, अहद ने यह लिंक कई युवाओं को शेयर किया था। मुंगेर के एक युवक की गिरफ्तारी भी इसी नेटवर्क से जुड़ी बताई जा रही है, जो लगातार उसके संपर्क में था।
सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर जांच
कटिहार पुलिस देश की प्रमुख सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी को पाकिस्तान से निर्देश मिल रहे थे।
दिल्ली में पुराना वाहन जुटाने की थी तैयारी
कटिहार के एसपी परिचय कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी दिल्ली जाकर एक पुराना वाहन जुटाने की फिराक में था।
हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहा था या नहीं, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।
नेटवर्क की परतें खुलनी बाकी
एसपी ने बताया कि फिलहाल पूरे नेटवर्क को खंगालने की प्रक्रिया जारी है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
इस मामले ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के जरिए किस तरह युवाओं को टारगेट किया जा रहा है।