रांची: झारखंड के रेल यात्रियों के लिए बड़ी सौगात मिली है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रांची रेल मंडल के पिस्का और मुरी रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास कार्य पूरा हो गया है। अब दोनों स्टेशन आधुनिक सुविधाओं, बेहतर सुरक्षा व्यवस्था और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नए स्वरूप में तैयार किए गए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया। इनमें दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची रेल मंडल के पिस्का और मुरी स्टेशन भी शामिल रहे।
पिस्का स्टेशन के उद्घाटन समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वहीं मुरी स्टेशन पर राज्यसभा सांसद प्रदीप कुमार वर्मा, सिल्ली विधायक अमित कुमार महतो समेत रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
रेलवे के अनुसार, दोनों स्टेशनों को स्थानीय कला, संस्कृति और क्षेत्रीय विरासत की पहचान के अनुरूप विकसित किया गया है। यात्रियों को बेहतर अनुभव देने के लिए आधुनिक यात्री सुविधाओं का विस्तार किया गया है।
पिस्का स्टेशन को मिला नया स्वरूप
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पिस्का रेलवे स्टेशन का कायाकल्प किया गया है। स्टेशन भवन को आकर्षक रूप दिया गया है, जिसमें स्थानीय कला और संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।
स्टेशन पर आधुनिक प्रतीक्षालय, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, उन्नत प्लेटफॉर्म और सुरक्षा सुविधाएं बढ़ाई गई हैं। यात्रियों के लिए स्वच्छ पेयजल, आधुनिक शौचालय, डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली और बैठने की बेहतर व्यवस्था की गई है।
सुरक्षा को मजबूत करने के लिए आईपी आधारित सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। वहीं दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों के लिए लिफ्ट, रैंप, हैंडरेल, टैक्टाइल पाथ, व्हीलचेयर और अलग शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
मुरी स्टेशन पर यात्रियों को मिलेंगी ज्यादा सुविधाएं
मुरी रेलवे स्टेशन को भी आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। स्टेशन के नए भवन में स्थानीय संस्कृति की झलक के साथ यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है।
यहां प्रथम और द्वितीय श्रेणी के अलग-अलग प्रतीक्षालय, एग्जीक्यूटिव लाउंज, डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली और बेहतर प्लेटफॉर्म सुविधाएं विकसित की गई हैं।
इसके अलावा स्टेशन परिसर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था, आधुनिक शौचालय, स्वच्छ पेयजल, पार्किंग, विकसित एप्रोच रोड और सर्कुलेटिंग एरिया तैयार किया गया है।
दिव्यांग और बुजुर्ग यात्रियों के लिए लिफ्ट, रैंप, टैक्टाइल पाथ, हैंडरेल, आरक्षित पार्किंग और दिव्यांग-अनुकूल शौचालय की सुविधा भी दी गई है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इन दोनों स्टेशनों के आधुनिक बनने से यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिलेगा। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेलवे स्टेशनों को विश्वस्तरीय सुविधाओं से जोड़ने का काम लगातार जारी है।