नगर परिषद बरबीघा के चंदुकुआ मोहल्ले में 22 मार्च की रात महोत्सव से लौट रही एक महिला से दो युवकों ने दुष्कर्म की कोशिश की। महिला ने शेखपुरा महिला थाना में केस दर्ज कराया है। आरोप बरबीघा बाजार निवासी स्व. प्रमोद सेठ के 42 वर्षीय पुत्र रितेश सेठ उर्फ वोल्टू और आशीष कुमार उर्फ चिंटू के 22 वर्षीय पुत्र आकाश कुमार पर है।
पीड़िता ने बताया कि शनिवार को माहुरी मंडल पंचायत भवन में मथुरासिनी महोत्सव था। रात करीब 9 बजे वह घर लौट रही थी। रास्ते में दोनों युवकों ने घात लगाकर उसे पकड़ लिया। जबरन कपड़े उतारने की कोशिश करने लगे। इसी दौरान महोत्सव से लौट रहे कुछ लोग उसी रास्ते से आ रहे थे। महिला के शोर मचाने पर लोग दौड़े तो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।
महिला थाना अध्यक्ष अनामिका कुमारी ने बताया कि जांच के बाद सोमवार को केस दर्ज कर लिया गया। जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी होगी।