लखीसराय: एक तरफ बेटी की मेहनत रंग लाई और वह BPSC क्वालीफाई कर BPRO पद पर पहुंची, वहीं दूसरी तरफ उसी परिवार के सामने अब पड़ोसी विवाद ने बड़ी परेशानी खड़ी कर दी है। मामला लखीसराय शहर के कबैया रोड, वार्ड नंबर-25 का है, जहां एक रिटायर्ड कर्मी का परिवार न्याय के लिए सरकारी दफ्तरों से लेकर थाने तक की दौड़ लगा रहा है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि पड़ोसी विवाद अब इस कदर बढ़ चुका है कि कभी भी हालात बिगड़ सकते हैं। रिटायर्ड कर्मी महावीर पासवान का कहना है कि पड़ोसी गरीब पासवान द्वारा उनके घर के निकास द्वार के पास नल का पानी लगातार बहाया जा रहा है, जिससे परेशानी के साथ-साथ विवाद की स्थिति बनी हुई है।
आदेश कागजों में, समस्या जमीन पर कायम
परिवार का आरोप है कि मामले को लेकर थाना स्तर पर कार्रवाई हुई, पीआर बॉन्ड भी भरवाया गया, लेकिन इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका। अनुमंडल पदाधिकारी और नगर परिषद के अधिकारियों की ओर से आदेश जारी होने की बात कही जा रही है, लेकिन पीड़ित परिवार का कहना है कि आदेश फाइलों में दबकर रह गए हैं और जमीन पर हालात जस के तस हैं।
महावीर पासवान की बेटी अन्नू कुमारी का कहना है कि वह अपने 70 वर्षीय पिता के साथ न्याय की उम्मीद में थाना, पुलिस, कोर्ट और नगर परिषद कार्यालय के चक्कर काट रही हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं मिला।
प्रशासन से सवाल: विवाद बढ़ने का इंतजार क्यों?
स्थानीय लोगों का कहना है कि छोटे विवाद समय रहते सुलझा दिए जाएं तो बड़े विवादों को रोका जा सकता है। लेकिन जब शिकायतों और आदेशों के बावजूद कार्रवाई नहीं होती, तो ऐसी स्थिति तनावपूर्ण बन जाती है।
अब सवाल यह है कि क्या प्रशासन किसी अनहोनी का इंतजार कर रहा है?
क्या एक मामूली नाली और पानी का विवाद बड़े संघर्ष में बदलने के बाद ही व्यवस्था जागेगी?
फिलहाल पीड़ित परिवार प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर स्थायी समाधान की मांग कर रहा है, ताकि मोहल्ले में शांति बनी रहे।
ये खबर भी पढ़े: Bihar: 58 साल पुराने जमीन विवाद पर ऐतिहासिक फैसला, औरंगाबाद कोर्ट ने वादी के पक्ष में सुनाया निर्णय!
